मेरठ में पत्रकार एकता की मजबूत पहल, एसोसिएशन की बैठक में उठी एकजुटता की आवाज
मेरठ ,आलम अंसारी / इरफान खान | भगवा सनातन टाइम्स
5 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक जनपद मेरठ के रशीद नगर, मंदिर वाली गली में ऑल इंडिया पत्रकार एकता एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र सैनी ने की, जिसमें मेरठ सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया।

बैठक में बोलते हुए सत्येंद्र सैनी ने कहा कि आज पत्रकारों को एक मंच पर आकर संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और गांव से लेकर सरकार तक जनसमस्याओं को पहुंचाने का काम करते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि जब पत्रकारों के अधिकारों की बात आती है, तब एकजुटता की कमी दिखाई देती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि “आज पत्रकारों पर आए दिन हो रहे हमले, झूठे मुकदमे और उत्पीड़न गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे में सभी पत्रकार साथ आएं और ऑल इंडिया पत्रकार एकता एसोसिएशन के बैनर तले संगठित होकर ईमानदारी व लगन से काम करें। संगठन हर सच्चे पत्रकार के साथ खड़ा है।”
इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने बैठक को नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया और संगठन को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही मेरठ में एक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
बैठक का आयोजन पत्रकार शाहिद हसन के निवास स्थान पर हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ठाकुर जगदीश सिंह कुशवाहा, फहमुद्दीन, कैलाश, हैदर, फौलाद कुरैशी, मुकेश सिद्वावान (कानून की वाणी), जावेद मेवाती, इमरान खान, निखिल सैनी सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
बैठक ने यह संदेश दिया कि अगर पत्रकार एकजुट हो जाएं, तो न सिर्फ अपनी सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित कर सकते हैं, बल्कि समाज के लिए और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

