Breaking
26 Nov 2026, Thu

मुस्लिम समाज को मुख्यधारा से जोड़ना चाहती है भाजपा : कुंवर बासित अली

हरिद्वार:(जीशान मलिक) बुधवार को बड़ेढ़ी राजपूतान में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कहा कि भाजपा मुस्लिम समाज को शिक्षा, रोजगार और मुख्यधारा से जोड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा मुस्लिम समाज को उनके अधिकारों और शिक्षा से दूर रखा, ताकि वह अपने हकों को न समझ सकें।कुंवर बासित अली उत्तराखंड के पिरान कलियर विधानसभा के बड़ेढ़ी में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हज कोटे में की गई वृद्धि और मुस्लिम समाज के कल्याण के लिए उठाए गए विभिन्न महत्वपूर्ण कदमों की उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा नहीं देती, बल्कि इसे धरातल पर भी उतारती है। जनसभा में भव्य स्वागत, सम्मान और आत्मीय अभिनंदन के लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।कुंवर बासित अली ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों से खुश होकर सभी वर्ग के लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह दुष्प्रचार कर अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहा है। देश की जनता ने विपक्ष को पूरी तरह नकार दिया है।

कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि देश को बर्बाद करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। यदि देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में न होती, तो देश की स्थिति आज कुछ और ही होती। मुसलमानों के मन में भाजपा के प्रति नफरत फैलाई गई और उन्हें डराकर दूर रखा गया। लेकिन आज का मुसलमान जागरूक हो चुका है और वह हकीकत को पहचानते हुए भाजपा की विकासवादी नीतियों के साथ जुड़ रहा है।कार्यक्रम के दौरान रुड़की की ब्लॉक प्रमुख लुबना राव ने भी मुस्लिम समाज से आगे बढ़कर भाजपा के साथ जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन स्पष्ट है कि मुस्लिम समाज के युवाओं के एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में लैपटॉप होना चाहिए, जिससे वे आधुनिक समय में आत्मनिर्भर बन सकें।कार्यक्रम का सफल आयोजन राव काले खां के नेतृत्व में किया गया। जनसभा में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, राज्य मंत्री सुरजीत सिंह गांधी, उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, पूर्व अध्यक्ष इंतजार हुसैन, अनीस अहमद गौड़, भाजपा के वरिष्ठ नेता असलम राणा, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव, राव नजाकत अली, राव इनाम, राव जमीर, प्रधान नगला सदाकत हुसैन, प्रधान टोडा अहतमाल अब्दुल वाजिद, अफजाल अली, मोईन अंसारी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *