Breaking
26 Nov 2026, Thu

बहादराबाद पुलिस ने शातिर वाहन चोर दबोचा, चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद

बहादराबाद:(जीशान मलिक) हरिद्वार जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की 5 घटनाओं का सफल अनावरण हुआ है।उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान कच्चे रास्ते से एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष बताया। मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त मोटरसाइकिल उसने आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी।आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को वह गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, ताकि किसी को संदेह न हो।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम गंगनहर किनारे जंगल में पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 09 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।पुलिस जांच में 05 मोटरसाइकिलें थाना बहादराबाद में पंजीकृत वाहन चोरी के निम्न अभियोगों से संबंधित पाई गईं।

1.मु0अ0सं0 352/26, धारा 303(2) BNS

2.मु0अ0सं0 396/26, धारा 303(2) BNS

3.मु0अ0सं0 410/26, धारा 303(2) BNS

4.मु0अ0सं0 411/26, धारा 303(2) BNS

5. मु0अ0सं0 412/26, धारा 303(2) BNS

इसके अतिरिक्त बरामद 05 अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलों में बजाज पल्सर एवं हीरो स्प्लेंडर प्लस आदि शामिल हैं। इनके वास्तविक स्वामित्व के संबंध में सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी थाना पिरान कलियर एवं थाना भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने के आधार पर संबंधित अभियोगों में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *