Breaking
10 Oct 2026, Sat

मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना: 106 युवाओं को विदेश में मिला रोजगार, 158 केंद्रों पर भाषा प्रशिक्षण जारी

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विदेश में रोजगार मिल रहा है। कौशल एवं सेवायोजन विभाग के तहत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 106 युवा विदेश में रोजगार प्राप्त कर चुके हैं।प्रकोष्ठ के अनुसार, इनमें 75 युवा जापान, 30 युवा सऊदी अरब और 01 युवा जर्मनी में हेल्थ, हॉस्पिटेलिटी सहित अन्य सेक्टरों में कार्यरत हैं।

योजना के तहत युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 158 प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। इसमें देहरादून में जर्मन भाषा के 75 और जापानी भाषा के 45, अल्मोड़ा में जर्मन भाषा के 22 और बागेश्वर में जापानी भाषा के 16 केंद्र शामिल हैं। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी और टिहरी में भी जल्द नए केंद्र खोले जाने की योजना है।

वर्तमान में देहरादून में जर्मनी के लिए 04 बैच और जापान के लिए 02 बैच, अल्मोड़ा में जर्मनी के लिए 01 बैच और बागेश्वर में जापान के लिए 01 बैच में प्रशिक्षण चल रहा है।बताया गया कि यह योजना मई 2023 में शुरू की गई थी। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य युवाओं को वैश्विक मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करना है। इसी क्रम में हाल ही में मुख्यमंत्री ने जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया में भारत के राजदूतों के साथ बैठक कर उन देशों में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की थी।इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं को वैश्विक मांग के अनुरूप आवश्यक कौशल और प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जा रहा है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *