Breaking
27 Aug 2026, Thu

महाकुंभ में कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान, उत्तराखंड एसडीआरएफ जवानों को मिला पांच लाख का पुरस्कार

देहरादून:(जीशान मलिक) प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले उत्तराखंड एसडीआरएफ के जवानों को राज्य सरकार ने सम्मानित किया है। महाकुंभ ड्यूटी में तैनात एसडीआरएफ टीम के लिए सरकार की ओर से कुल पांच लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।जौलीग्रांट स्थित एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान जवानों ने कठिन परिस्थितियों में पूरी तत्परता, अनुशासन और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता सहित सौंपे गए विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।

सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन में ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता, धैर्य, त्वरित निर्णय क्षमता और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उत्तराखंड एसडीआरएफ के जवानों ने इन सभी कसौटियों पर खरा उतरते हुए अपनी पेशेवर दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।उन्होंने कहा कि जवानों के उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य सरकार की ओर से दिया गया पांच लाख रुपये का पुरस्कार उनके परिश्रम, साहस और समर्पण का सम्मान है। इस तरह के प्रोत्साहन से जवानों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होते हैं।

महाकुंभ-2025 के दौरान उत्तराखंड एसडीआरएफ की टीम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ संभाला। विशाल जनसमूह और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच जवानों की सतर्कता और कार्यकुशलता ने एसडीआरएफ की पेशेवर कार्यशैली को प्रदर्शित किया।सेनानायक ने महाकुंभ ड्यूटी में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपसेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *