Breaking
13 Sep 2026, Sun

मरीजों को बेहतर इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा मिले, संजय पाण्डे ने प्राचार्य के सामने उठाए जनहित के मुद्दे

अल्मोड़ा:(जीशान मलिक) राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी भी मौजूद रहे।मुलाकात के दौरान संजय पाण्डे ने मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय की व्यवस्थाओं से जुड़े कई जनहित के मुद्दे प्राचार्य के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अनावश्यक रूप से पहाड़ से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है।

उन्होंने मरीजों को रेफर किए जाने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाया। पाण्डे ने कहा कि किसी मरीज को अन्यत्र रेफर करने का निर्णय उचित चिकित्सकीय कारणों और वरिष्ठ अथवा संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह के आधार पर ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि बिना सक्षम चिकित्सकीय सलाह के किसी कर्मचारी द्वारा मरीज के परिजनों को रेफर कराने अथवा अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह नहीं दी जानी चाहिए।दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक ओपीडी और संबंधित विभाग में अधिकृत टेलीफोन नंबर उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया। उन्होंने कहा कि कई बार मरीज के परिजन लगातार अस्पताल में मौजूद नहीं रह पाते। ऐसे में निर्धारित समय पर फोन के माध्यम से मरीज की स्थिति, उपचार की प्रगति और आवश्यक जानकारी हासिल करने की व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल ने संजय पाण्डे की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों की समस्याओं से परिचित हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे अल्मोड़ा की जनता का संस्थान है।इस मौके पर आशीष जोशी ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा पर्वतीय क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार का सीधा लाभ अल्मोड़ा समेत आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा। उन्होंने मरीजों की छोटी-छोटी समस्याओं का भी समय पर समाधान किए जाने की जरूरत बताई।

संजय पाण्डे ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों की समस्याओं को सामने रखकर उनका सकारात्मक समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज पहाड़ के लाखों लोगों की उम्मीद है और यहां उपलब्ध संसाधनों एवं चिकित्सा सुविधाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *