मंगलौर:(जीशान मलिक)मुकदमा वापस न लेने की रंजिश में कुख्यात बदमाश अकील उर्फ भुट्टू और उसके परिजनों ने रविवार सुबह ग्राम प्रधान के भाई पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में ग्राम प्रधान का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका कान का एक हिस्सा कट गया। बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग भी गंभीर चोटिल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीरपुरा गांव में अकील उर्फ भुट्टू और उसके परिजनों पर पहले से धारा 307 आईपीसी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि ये लोग आए दिन गांव का माहौल खराब करते रहते हैं।कुछ समय पहले अकील और उसके लोगों ने इंतजार और उसके साथियों के साथ रोशनाबाद में मारपीट की थी। इस मामले में ग्राम प्रधान ने सिडकुल थाने में मुकदमा संख्या 276/26 दर्ज कराया था। इसके बाद से आरोपी पक्ष लगातार ग्राम प्रधान और उसके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था।
इसी रंजिश के चलते रविवार सुबह करीब 9:15 बजे ग्राम प्रधान का भाई इंतजार जब दुकान जाने के लिए घर से निकला, तो घर से करीब 100 मीटर दूर परवेज पुत्र इकराम, राशिद पुत्र रियासत, अकील उर्फ भुट्टू पुत्र कासिम, तौकीर पुत्र खलील, नदीम पुत्र अकील उर्फ भुट्टू, लुकमान पुत्र अफजाल, परवश पुत्र अली मोहम्मद, तमरेज पुत्र इकराम, फिरोज पुत्र मुमताज, अक़दस पुत्र फुरकान, अखलद पुत्र फुरकान, अरशद पुत्र रियासत, शारिक पुत्र रियासत, समीर पुत्र अरशद, अयान पुत्र परवेज, अदनान पुत्र मुकर्रम, शोएब पुत्र प्रवश और कादिर पुत्र खलील ने बाइक लगाकर उसकी गाड़ी रोक ली।
आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडे, सरिये और धारदार हथियार लेकर आए थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कहा कि “हमें अकील उर्फ भुट्टू ने भेजा है, मुकदमा लिखवाने का मजा चखाने आए हैं” और फिर इंतजार पर हमला कर दिया। परवेज ने तबल से इंतजार की गर्दन पर वार किया। गनीमत रही कि इंतजार थोड़ा पीछे हो गया, वरना गर्दन पूरी कट जाती। हमले में उसका कान का एक हिस्सा कटकर अलग हो गया और गर्दन पर भी गहरी चोट आई।
शोर सुनकर इंतजार का भाई मुजफ्फर और हिफाजत बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण शहजाद, उस्मान, साकिब आदि ने बीच-बचाव कर तीनों को बचाया। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद से ग्राम प्रधान और उसका परिवार दहशत में है। सभी घायलों का उपचार हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान मुजफ्फर अली की तहरीर पर पुलिस ने 18 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गांव में बढ़ते दबदबे और धमकियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

