Breaking
29 Jul 2026, Wed

भारी बारिश के बीच भी रुका नहीं जोश: एस.एस.डी. इंटर कॉलेज में 251 पौधे लगाकर मनाया गया पर्यावरण दिवस पखवाड़ा

भगवानपुर:(जीशान मलिक) विलेज डेवलपमेंट सोसायटी, भगवानपुर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के अंतर्गत एस.एस.डी. इंटर कॉलेज, डाड़ा पट्टी में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।मूसलाधार बारिश के बावजूद कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। लगभग 180 छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विलेज डेवलपमेंट सोसायटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजबहादुर सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना, प्लास्टिक का उपयोग कम करना, जल संरक्षण करना और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने छात्रों से अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में 251 औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। सभी विद्यार्थियों से संकल्प लिया गया कि वे अपने घर या चौपाल पर परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम से एक पौधा लगाएंगे, उसकी नेम प्लेट लगाएंगे और कम से कम 5 वर्षों तक उसकी देखभाल करेंगे।कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई। विजेताओं को मोमेंटो और प्रमाण-पत्र दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र मिले।

पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए छात्र-छात्राओं ने “सांस हो गई है कम, आओ पेड़ लगाएं हम” और “प्रकृति की करें सुरक्षा, यही है जीवन की रक्षा” जैसे नारों के साथ एक जागरूकता रैली भी निकाली।कार्यक्रम का समापन सामूहिक पौधारोपण, धन्यवाद ज्ञापन और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। सभी ने हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विलेज डेवलपमेंट सोसायटी से प्रोजेक्ट मैनेजर सरिता धीमान, काउंसलर अनिरुद्ध, काजल, रवि, कुश, अभिनव, भावना, तनु व पूजा उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्रबंधक अनिल कुमार सैनी सहित शिक्षकगण व स्टाफ मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *