Breaking
29 May 2026, Fri

“भाजपा युवा मोर्चा के जोश से गूंज उठी रुड़की,जिला कार्यालय प्रदेश युवा अध्यक्ष विपुल मंडोली ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया”

रुड़की:(जीशान मलिक) भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुड़की में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा एक भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मंडोली का रुड़की आगमन हुआ।जो उनके प्रथम आगमन के रूप में कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और गर्व का क्षण रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक के रूप में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गौरव कौशिक उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में युवा शक्ति संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक युवा कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित है और संगठन की जड़ें मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मंडोली ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “युवा भारत” के सपने को साकार करने में भाजपा युवा मोर्चा की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग आज देश के भविष्य की दिशा तय कर रहा है, और भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक संगठन है जो युवाओं को नेतृत्व, अवसर और सम्मान देता है। विपुल मंडोली ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया, जनसंपर्क और सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी की नीतियों को हर वर्ग तक पहुँचाएँ और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव कौशिक ने कहा कि युवा मोर्चा सदैव संगठन के अग्रिम पंक्ति में कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि चाहे चुनावी अभियान हो या समाज सेवा का कार्य—भाजपा का युवा कार्यकर्ता सदैव तत्पर और समर्पित रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को पार्टी की विचारधारा के साथ जोड़ने के लिए निरंतर कार्यक्रम, कार्यशालाएँ और संवाद आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मोहित राष्ट्रवादी, युवा प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी शर्मा,युवा मोर्चा जिला महामंत्री नीटू सिंह , गोविंद पाल, कमल सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *