Breaking
6 Jun 2026, Sat

बॉर्डर पर तैनाती को तैयार बेटियाँ: हरिद्वार में छात्रों का जोश, महंत रविन्द्र पुरी बोले – हर युवा को मिले सैन्य प्रशिक्षण

बॉर्डर पर तैनाती को तैयार बेटियाँ: हरिद्वार में छात्रों का जोश, महंत रविन्द्र पुरी बोले – हर युवा को मिले सैन्य प्रशिक्षण

हरिद्वार, 10 मई।

देशभक्ति के रंग में रंगा एसएमजेएन पीजी कॉलेज शनिवार को उस वक्त गूंज उठा, जब भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आयोजित संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने देश सेवा का संकल्प लिया। छात्राओं ने विशेष रूप से बॉर्डर पर तैनाती की मांग उठाई, तो छात्रों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपकर खुद को सीमाओं पर भेजने की इच्छा जताई।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने युवाओं में सैन्य प्रशिक्षण को अनिवार्य करने की मांग करते हुए कहा, “हर कॉलेज और विश्वविद्यालय में NCC की यूनिट जरूरी होनी चाहिए। जब हर युवा देश के लिए तैयार होगा, तभी सीमाओं की रक्षा और आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब संभव होगा।”

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि “पहलगाम की घटना ने उसकी कायरता को उजागर कर दिया है। अब हमारी बेटियाँ भी हथियार उठाने को तैयार हैं।”

छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “देश सुरक्षित रहेगा, तभी हम सब सुरक्षित रहेंगे। हमें सेना में जाकर देश के लिए योगदान देना चाहिए।”

छात्राओं में जोश साफ दिखाई दिया। बीएससी की छात्रा अपराजिता ने कहा, “NCC आतंकवाद के खिलाफ एक शक्तिशाली हथियार बन सकता है।”

अर्शिका ने कहा, “हम बेटियाँ बॉर्डर पर तैनाती के लिए तैयार हैं।”

रिया कश्यप ने गर्व से कहा, “पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब देना हमारी जिम्मेदारी है।”

कशिश ठाकुर बोलीं, “भारत वीरों की जननी है, और वीरता ही हमारी पहचान है।”

अंत में छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सीमा पर सेवा देने की इच्छा जताई गई थी। ज्ञापन में दिव्यांशु, अली, मानसी, इशिका, अंशिका, टिया, ओमिशा, आंचल, चारू, संध्या, शगुन, अनुराधा, शिवानी, नेहा, आकांक्षा, वैष्णवी धीमान, कामिनी, गौरव बंसल, महक और रिया समेत कई छात्रों के हस्ताक्षर थे।

संगोष्ठी में प्रो. जगदीश चन्द्र आर्य, विनय थपलियाल, डॉ. मनोज कुमार सोही, डॉ. शिव कुमार चौहान, वैभव बत्रा, डॉ. अमिता मल्होत्रा और कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *