
पिरान कलियर:(जीशान मलिक) बेड़पुर चौक के पास स्थित त्यागी ढाबे के समीप 24 अगस्त की रात हुई फायरिंग की घटना का पिरान कलियर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार 24 अगस्त की रात ग्राम बेड़पुर निवासी सुहेब पुत्र इदरीश ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 196/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों व लोकेशन को ट्रेस किया। इसके साथ ही सुरागरसी, पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रकाश में आए 22 वर्षीय विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर को एक सितंबर को खादर वाली रोड स्थित ट्यूबवेल के पास गुम्मावाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल में खाने-पीने को लेकर हुए विवाद के बाद होटल स्वामी से रंजिश पैदा हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य सहअभियुक्तों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: विशु सैनी, पुत्र अरुण कुमार, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर, उम्र 22 वर्ष।बरामदगी: घटना में प्रयुक्त एक 12 बोर का तमंचा।
पुलिस टीम में: प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद आबिद शामिल रहे।

