रुड़की:(जीशान मलिक)आदर्श नगर रुड़की में ग्रीनवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान के आवास में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। सेकेंड फ्लोर पर एसी और सोफे में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया।
फायर स्टेशन रुड़की को दिनांक 19/05/2026 को समय 3:07 बजे सूचना मिली कि ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या के आवास में आग लग गई है। सूचना पर अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मकान के सेकेंड फ्लोर के कमरे में एसी और सोफे में आग लगी थी। दूसरी मंजिल पर धुआं भर जाने से आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई। टीम ने 02 होज पाइप फैलाकर मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर आग बुझाना शुरू किया। कड़ी मेहनत और अथक प्रयास से आग को पूरी तरह बुझाया गया और अन्य तल पर फैलने से रोका गया।
आग से एसी, सोफा और घरेलू सामान जल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया।मौके पर मौजूद मकान मालिक और ग्रीनवे स्कूल की प्रधानाचार्या माला चौहान ने फायर यूनिट रुड़की के त्वरित रिस्पांस टाइम और कार्रवाई की खुले मन से प्रशंसा की। उन्होंने टीम का आभार जताया। अग्निशमन अधिकारी ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों और कंट्रोल रूम रुड़की को दी।
अग्निशमन अधिकारी बंश नारायण यादव ने बताया कि अग्निकांड में रिस्पांस टाइम सबसे महत्वपूर्ण होता है। समय रहते कार्रवाई न होती तो जन-धन की बड़ी हानि हो सकती थी।

