देहरादून:(जीशान मलिक) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा चलाए गए ‘सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान’ के तहत जनपद के विभिन्न स्कूलों के लगभग 60 हजार विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।26 से 31 अक्टूबर तक चले इस विशेष अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों के नेतृत्व में जिले के स्कूलों में जागरूकता शिविर लगाए गए। शिविरों में बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइबर विभाग, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, पैनल अधिवक्ताओं और पीएलवी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बच्चों को सुरक्षित व असुरक्षित स्पर्श की पहचान, शोषण से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में बताया गया।बच्चों को किसी भी मुसीबत में हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। जिसमें निःशुल्क विधिक सहायता के लिए 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने को कहा गया। उन्हें सिखाया गया कि किसी भी गलत हरकत पर चुप न रहें और तुरंत अपने माता-पिता या शिक्षकों को बताएं।
अभियान के तहत स्कूलों में प्रतियोगिताएं और हेल्प डेस्क भी लगाए गए। साथ ही पोस्टर और बुकलेट भी बांटे गए।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डूंगराकोटी ने कहा कि सुरक्षित बचपन ही सुरक्षित समाज की नींव है। हम चाहते हैं हर बच्चा अपने अधिकारों को जाने और बिना डरे मदद मांग सके। 60 हजार बच्चों तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है।


