Breaking
8 Aug 2026, Sat

पेंशनधारकों के खातों में पहुंची 146 करोड़ की राहत, 9.87 लाख लाभार्थियों को डीबीटी से भुगतान

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। सरकार का प्रयास है कि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना किसी परेशानी के उसका अधिकार पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त का भुगतान कर दिया गया है। इस माह विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों को धनराशि दी गई है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें वर्तमान में SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।

“किस योजना में कितने लाभार्थी”

वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये दिए गए। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।इसी तरह दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये, किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ रुपये और परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 99.408 लाख रुपये दिए गए।भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 51.68 लाख रुपये, तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 26.35 लाख रुपये तथा बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1.524 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई।

इस अवसर पर सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *