Breaking
23 Sep 2026, Wed

नेहरू स्टेडियम में भव्य योग शिविर, सैकड़ों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

रूड़की:(जीशान मलिक)अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेहरू स्टेडियम, रुड़की में भारत स्वाभिमान न्यास एवं पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोग रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। बत्रा ने कहा कि नियमित योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा भी मिलती है। योग कई गंभीर बीमारियों से बचाव में भी सहायक है।

मेयर अनीता अग्रवाल ने योग को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन देता है और शरीर, मन व आत्मा में संतुलन बनाता है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राम चन्द्र शेट ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। इससे व्यक्ति अनुशासित और ऊर्जावान बनता है।

शिविर में पतंजलि योग समिति के छात्रों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक अभ्यास किया और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी सुरेश त्यागी, संगठन मंत्री नरेश कुमार, मीडिया प्रभारी केतन भारद्वाज, कोषाध्यक्ष राम भरोसे, सह प्रभारी सुरेश पाल, प्रांत प्रभारी डॉ. भास्कर ओली, देशबंधु सैनी समेत बड़ी संख्या में योग साधक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *