हरिद्वार:(जीशान मलिक)12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग, उत्तराखंड द्वारा ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष मंत्री मदन कौशिक, मेयर किरण जैसल, अपर सचिव/निदेशक आयुष विजय कुमार जोगदंडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र द्वारा योग दिवस को मान्यता देना भारत के लिए गर्व की बात है। आज 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन का आयोजन न समझें, बल्कि इसे दैनिक जीवन में अपनाएं। स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।मेयर किरण जैसल ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ रहने के लिए नियमित योग जरूरी है। वहीं अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में योग शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। उन्होंने बताया कि ऋषिकुल के अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम में संगम सांस्कृतिक कला मंच द्वारा योग पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। आयुष मंत्री एवं मेयर द्वारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, डीडीओ वेद प्रकाश, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

