Breaking
22 Sep 2026, Tue

दून पुलिस का एक्शन: फर्जी साधु चोला उतार भागे अपने घर

दून पुलिस का एक्शन: फर्जी साधु चोला उतार भागे अपने घर

देहरादून,भगवा सनातन टाइम्स

15 जुलाई 2025 – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी “ऑपरेशन कालनेमि” का असर अब धरातल पर साफ तौर पर नजर आने लगा है। देहरादून पुलिस ने मंगलवार को रायवाला क्षेत्र में दो फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों बाबा खुद को साधु बताकर लोगों को भ्रमित कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंद्रनाथ (45 वर्ष) और चेतनाथ (36 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरिपुर कला की सपेरा बस्ती के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों बाहरी राज्यों से आकर साधु का भेष धारण कर लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। इन पर भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत अब तक 113 पाखंडी बाबाओं के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस की सख्ती के चलते कई फर्जी बाबा अपना भेष छोड़कर अपने मूल राज्यों को लौटने लगे हैं या अन्य धंधों में लग गए हैं।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति साधु का झूठा रूप धारण कर महिलाओं और युवाओं को भ्रमित कर ठगी न कर सके। इन फर्जी बाबाओं की जानकारी अन्य राज्यों की पुलिस से भी साझा की जा रही है ताकि उनके खिलाफ व्यापक निगरानी की जा सके।

देवभूमि की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर अब नहीं होगी कोई रियायत, पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *