Breaking
12 Oct 2026, Mon

डॉग स्क्वायड के साथ दरगाह परिसर में चला सघन चेकिंग अभियान, मेला कोतवाल ने संभाली सुरक्षा की कमान

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने डॉग स्क्वायड टीम और प्रशिक्षित डॉग ‘रोजर’ के साथ दरगाह साबिर पाक परिसर समेत मेला क्षेत्र के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दरगाह परिसर, आसपास के क्षेत्र, आवागमन वाले रास्तों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रशिक्षित डॉग रोजर की मदद से संदिग्ध वस्तुओं और सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की जांच की गई। अचानक चलाए गए इस अभियान से मेला क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई।

“मेला कोतवाल ने खुद संभाली कमान”

उर्स मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी स्वयं मैदान में उतरकर चेकिंग अभियान की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित चेकिंग और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया।मेला कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने कहा कि उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेला क्षेत्र में पुलिस की लगातार मौजूदगी रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जायरीनों से अपील की कि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

“एसआई ललित मोहन की टीम भी रही सक्रिय”

चेकिंग अभियान के दौरान सब इंस्पेक्टर ललित मोहन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधिकारियों के अनुसार उर्स के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में चेकिंग, गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। दरगाह परिसर समेत आसपास के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

चेकिंग अभियान के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, सब इंस्पेक्टर ललित मोहन, नरेंद्र चंद, मनोज कुमार, दिनेश सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह समेत पुलिसकर्मी और डॉग स्क्वायड टीम मौजूद रही। उर्स मेले के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता लगातार बढ़ाई जा रही है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *