Breaking
30 Jul 2026, Thu

जिला अस्पताल में शुरू हुई लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा

 

अल्मोड़ा:(ज़ीशान मलिक)उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र अल्मोड़ा में आज एक ऐतिहासिक चिकित्सा उपलब्धि दर्ज हुई है। पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय में अब लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन विधि) सर्जरी मशीन की स्थापना हो चुकी है, जिससे अब स्थानीय मरीजों को अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा की सुविधा घर के पास ही मिल सकेगी।

यह उपलब्धि सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के दो वर्षों के अथक प्रयासों, जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और प्रशासनिक समन्वय का प्रतिफल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, शासन और प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखा, विशेषज्ञों से संपर्क साधा और आम जन की आवाज को शासन तक प्रभावी रूप में पहुंचाया।

लेप्रोस्कोपिक तकनीक से अब पित्ताशय की पथरी, अपेंडिक्स, हर्निया जैसे सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण ऑपरेशन कम चीरा, कम दर्द और कम खर्च में संभव होंगे। यह सुविधा अब तक केवल मेट्रो शहरों और बड़े अस्पतालों तक सीमित थी, लेकिन अब अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी जिले में भी आम लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।

संजय पाण्डे ने इस सफलता के लिए उत्तराखंड शासन, स्वास्थ्य विभाग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र पंत, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा,

“यह केवल एक मशीन नहीं, बल्कि यह जनता के विश्वास की पुनर्स्थापना है। आज अल्मोड़ा में चिकित्सा सेवा का नया सूर्योदय हुआ है।”

हालांकि मशीन के संचालन से पहले कुछ अंतिम तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं शेष हैं, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह सुविधा शीघ्र ही आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएगी।

यह पहल न केवल चिकित्सा जगत की तकनीकी उन्नति है, बल्कि यह भी सिद्ध करती है कि यदि इच्छाशक्ति दृढ़ हो और प्रयास निरंतर हों, तो पहाड़ों में भी बड़ा परिवर्तन संभव है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *