
हरिद्वार:(जीशान मलिक) कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत कनखल क्षेत्र में बड़ी योजना पर काम शुरू होने जा रहा है। शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर लंबे मार्ग का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए शासन ने 3.93 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।शनिवार को इस मार्ग के कार्यों को लेकर मेला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षदों ने फुटपाथ निर्माण को लेकर कुछ शंकाएं जताई थीं।


मेलाधिकारी सोनिका ने तुरंत संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर अधिकारियों ने मौके पर जाकर जनप्रतिनिधियों से वार्ता की। वार्ता में तय हुआ कि स्थानीय लोगों की शंकाओं को दूर करने के लिए पहले पूरी सड़क पर काम शुरू करने की बजाय एक हिस्से में नमूने के तौर पर रेज्ड फुटपाथ बनाया जाएगा। सैंपल पसंद आने के बाद ही पूरे मार्ग पर काम किया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत 2 किलोमीटर में रेज्ड फुटपाथ और 1 किलोमीटर में लेवल फुटपाथ बनाया जाएगा। साथ ही पानी निकासी की उचित व्यवस्था भी की जाएगी।

उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी हाल में समझौता नहीं किया जाएगा और इसके लिए थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था की गई है। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह और अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के सुझाव पर अस्पताल के पास रेलिंग लगाने और सड़क मरम्मत जल्द पूरी करने पर भी सहमति बनी है।वार्ता के बाद पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सचिन अग्रवाल सहित स्थानीय लोगों ने संतोष जताया और निर्माण कार्य में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

