
हरिद्वार:(जीशान मलिक) कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन (CCR) में उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई, जिसमें कुंभ से जुड़े सभी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक में मंडलायुक्त ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि सड़कों, पुलों और घाटों के सभी स्वीकृत कार्य तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के लिए बन रही सभी अवस्थापना सुविधाएं समय पर तैयार होना बेहद जरूरी है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


घाटों के निर्माण को लेकर मंडलायुक्त ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गंग नहर की क्लोजर अवधि का पूरा फायदा उठाया जाए। इसके लिए निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की व्यवस्था पहले से ही पूरी रखी जाए, ताकि क्लोजर शुरू होते ही दिन-रात काम कराकर घाटों का निर्माण पूरा किया जा सके।आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों को देखते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि अक्सर त्योहारों पर श्रमिकों की कमी हो जाती है। इसलिए सभी कार्यदायी संस्थाएं अभी से श्रमिकों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित कर लें, ताकि निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी न पड़े।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि तैयारियों को काउंटडाउन मोड में डाल दिया गया है और सभी निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर दिन-रात काम कराया जा रहा है। कार्यों की प्रगति की रोजाना समीक्षा की जा रही है।बैठक में IG कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, SSP कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार समेत PWD, सिंचाई और स्वास्थ्य विभाग के सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे।

