
रुड़की:(जीशान मलिक) उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव प्रणव प्रताप सिंह ने भाजपा सरकार पर जनहितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी तंत्र की कथित लापरवाही से परेशान है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा सरकार की नीतियों और कांग्रेस के जनकल्याणकारी विचारों से लोगों को अवगत कराएं।पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रणव प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद आम आदमी की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अधिकारी बेलगाम हैं और लालफीताशाही हावी है। जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों की भी अनदेखी किए जाने का आरोप उन्होंने लगाया।


उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों और पेट्रोल-डीजल के दामों ने आम आदमी की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महंगाई के कारण परिवारों का बजट बिगड़ रहा है और महंगा परिवहन भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।प्रदेश सचिव ने निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों और संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने की नीतियों से रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए।

प्रणव प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सद्भावना, शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन पंकज सोनकर ने किया। इस दौरान दिलशाद सिद्दीकी, मदनलाल, सुशील कश्यप, संजय चोपड़ा और रामकुमार वर्मा सहित अन्य नेताओं ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

