भगवानपुर:(जीशान मलिक) नई दिल्ली के सहयोग से विलेज डेवलपमेंट सोसायटी, भगवानपुर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़े के अंतर्गत पैराडाइज एकेडमी इंटर कॉलेज, बुधवा शहीद में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 252 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवभूमि अमृत फार्मर कंपनी के निदेशक डॉ. जसवंत सिंह चौहान रहे। प्रधानाचार्य सुभाषचंद्र राठौर, उपप्रधानाचार्य बीना सैनी एवं सहायक अध्यापक अंकित सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. जसवंत सिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक उपयोग कम करने, जल संरक्षण करने तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की नींव है।विलेज डेवलपमेंट सोसायटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजबहादुर सैनी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वृक्षारोपण को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। 
कार्यक्रम में सहजन, नीम, आंवला, तुलसी सहित 350 औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। कॉलेज परिसर में 51 पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। “पर्यावरण प्रदूषण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र दिए गए।अवसर पर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

