
देहरादून:(चीफ एडिटर) भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड के लिए 04 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक का जिला-स्तरीय 7 दिवसीय मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार 04 से 10 जुलाई के दौरान उत्तराखंड के जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा/गर्जन के साथ बौछार होने की संभावना है। 05 और 10 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।


“मौसम चेतावनी”

04 जुलाई: पौड़ी, चम्पावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ एवं बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और अति तीव्र दौर की बारिश हो सकती है।
05 जुलाई: नैनीताल एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट है। देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चम्पावत एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। हरिद्वार एवं उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना है।
06 जुलाई: उधम सिंह नगर, नैनीताल एवं बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि भारी बारिश से संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों में अवरोध और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और फ्लैश फ्लड की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानीपूर्वक यात्रा करने की सलाह दी है। छोटी नदी/नालों के समीप रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। गर्जन/आकाशीय बिजली के समय घर के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें। राज्य सरकार के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने की सलाह दी गई है।
