Breaking
20 Sep 2026, Sun

एक्कड़ कला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, साइबर अपराध पर नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) स्थायी लोक अदालत हरिद्वार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ग्राम एक्कड़ कला के पंचायत भवन में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कोर यूनिवर्सिटी रुड़की के विधि विभाग के सहयोग से किया गया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थायी लोक अदालत हरिद्वार की अध्यक्ष न्यायाधीश (उच्चतर न्यायिक सेवा)नीतू जोशी उपस्थित रहीं।

शिविर में कोर यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के छात्र-छात्राओं ने आम जनता को कानून की सामान्य जानकारी दी और साइबर अपराध से बचाव को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में जानकारी दी।मुख्य अतिथि नीतू जोशी ने अपने संबोधन में स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित मामले जिनका मूल्यांकन 1 करोड़ रुपये तक हो, जैसे वायु, सड़क, जलमार्ग द्वारा यात्री या माल परिवहन सेवा, डाक, तार, टेलीफोन सेवा, विद्युत, जल आपूर्ति, लोक सफाई, अस्पताल, बीमा, बैंकिंग, शैक्षिक संस्थान, आवास और भू-संपदा सेवा से जुड़े मामले स्थायी लोक अदालत में दायर किए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अब पक्षकारों के निवेदन पर वीसी के माध्यम से भी सुनवाई की जा सकती है और ईमेल के जरिए भी वाद दायर किए जा सकते हैं। उन्होंने पोक्सो एक्ट और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने वाले पात्र व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण किया और वहां ड्यूटी कर रहे अधिकार मित्रों के कार्यों की सराहना की।कोर यूनिवर्सिटी विधि विभाग के डीन डॉ. जागेश्वर नाथ ने मुख्य अतिथि और पूरी टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान कु. एकता पटेल ने कहा कि गांव में इस तरह के विधिक जागरूकता कार्यक्रम होना गर्व की बात है और इससे ग्रामीणों को कानून के प्रति जागरूकता मिल रही है।कार्यक्रम में कोर यूनिवर्सिटी विधि विभाग के प्रोफेसर, विधि के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *