
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) शिवालिक नगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से घरों से कूड़ा न उठने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है, जिससे निवासियों और व्यापारियों में नाराजगी है।मामले को लेकर शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने जिलाधिकारी हरिद्वार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर एक महत्वपूर्ण आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र है, लेकिन दो दिनों से कूड़ा न उठने से घरों और दुकानों के बाहर कचरा जमा हो गया है।


सिन्हा ने कहा कि नगरपालिका की जिम्मेदारी है कि क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दो-दो दिन तक कूड़ा न उठने से स्थिति और खराब हो सकती है और स्वच्छता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएं और शिवालिक नगर में नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए।

विभास सिन्हा ने कहा कि यदि नगरपालिका अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहती है तो नगरपालिका अध्यक्ष को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने पर विचार करना चाहिए। जनता को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना स्थानीय निकाय की प्राथमिक जिम्मेदारी है।व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो इस मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आगे भी आवाज उठाई जाएगी।

