Breaking
27 Aug 2026, Thu

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

नैनीताल:(जीशान मलिक) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में परिषद परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के सचिव वी.के. ढोडियाल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर परिषद के सचिव वी.के. ढोडियाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। देश की स्वतंत्रता को बनाए रखना और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है और विद्यालयी शिक्षा से जुड़े संस्थानों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और भारतीय संविधान के मूल्यों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नैतिकता, कर्तव्यबोध और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए शिक्षा व्यवस्था को निरंतर मजबूत किया जाना चाहिए।

सचिव ने कहा कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। परिषद का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ परीक्षा एवं शैक्षिक प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने परिषद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं बल्कि आत्ममंथन और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने कार्यों के माध्यम से देश और प्रदेश की प्रगति में सकारात्मक योगदान देंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एक मजबूत, शिक्षित और विकसित भारत का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के दौरान परिषद परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।समारोह में परिषद के संयुक्त सचिव सी.पी. रतूड़ी, संयुक्त सचिव सी.पी. अवस्थी, उपसचिव सुषमा गौरव,भूपेंद्र सिंह, नैनवाल, डॉ. नंदन बिष्ट, शैलेंद्र जोशी,दरपान रौतेला, एनसी घिल्डियाल सहित परिषद के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *