Breaking
5 Jun 2026, Fri

उत्तराखंड में 9.74 लाख लाभार्थियों को मिली पेंशन, सीएम ने किया वन क्लिक ट्रांसफर

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता अभिमुखीकरण कार्यक्रम में 9 लाख 74 हजार 338 लाभार्थियों के खातों में 176 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। यह राशि मई 2026 की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत भेजी गई।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति अभियान एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति को बिना भेदभाव, देरी और बाधा के योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार हुआ है। राज्य सरकार अंत्योदय परिवारों को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त, दिव्यांग कार्मिकों का बढ़ा हुआ वाहन भत्ता, लखपति दीदी योजना और मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।सीएम धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की आर्थिकी डेढ़ गुना बढ़ी है और जीएसडीपी में 7.23% की वृद्धि हुई है। प्रति व्यक्ति आय 41% बढ़ी, बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी आई है। नीति आयोग के एसडीजी सूचकांक में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में ‘अचीवर्स’ और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर्स’ श्रेणी मिली है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और भू-कानून लागू किए गए हैं। 11 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। नकल विरोधी कानून के बाद साढ़े चार साल में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

सीएम ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रक्रियाओं का सरलीकरण, तकनीक का उपयोग और नियमित मॉनिटरिंग की चार सूत्रीय रणनीति पर बल दिया। आयोगों और समितियों के सदस्यों से जिलों में जाकर योजनाओं की जमीनी निगरानी करने को कहा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर, पार्वती दास, भूपाल राम टम्टा, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र समेत विभिन्न आयोगों, परिषदों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष उपस्थित थे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *