Vice President Jagdeep Dhankhar Resigns: उपराष्ट्रपति पद से दिया इस्तीफा, जानें वजह
नई दिल्ली , रगीब नसीम,भगवा सनातन टाइम्स
भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने त्यागपत्र में कहा कि वे चिकित्सकीय सलाह का पालन करते हुए तत्काल प्रभाव से उपराष्ट्रपति पद छोड़ रहे हैं। यह इस्तीफा संविधान के अनुच्छेद 67(क) के तहत दिया गया है।
धनखड़ ने अपने इस्तीफे में लिखा:
“स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देने और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करते हुए मैं भारत के उपराष्ट्रपति पद से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहा हूं। यह निर्णय संविधान के अनुच्छेद 67(क) के अनुसार लिया गया है।”
धनखड़ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि उनके साथ कार्य करना अत्यंत सुखद और सम्मानजनक अनुभव रहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्रिपरिषद का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा:
“प्रधानमंत्री का सहयोग और समर्थन अमूल्य रहा है। मैंने उनके नेतृत्व में बहुत कुछ सीखा।”
धनखड़ ने संसद के सभी माननीय सदस्यों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि
“जो स्नेह, विश्वास और अपनापन मुझे संसद सदस्यों से मिला, वह हमेशा मेरी स्मृतियों में बना रहेगा।”
उन्होंने अपने कार्यकाल को “भारत के आर्थिक उत्थान और अभूतपूर्व विकास” का साक्षी बताया और इसे एक गर्वपूर्ण एवं संतोषजनक अनुभव करार दिया।
“भारत की वैश्विक स्तर पर हो रही अभूतपूर्व प्रगति को देखकर मन गौरव से भर जाता है। मुझे भारत के उज्ज्वल भविष्य पर पूरा विश्वास है।”
इस्तीफे के अंत में उन्होंने “गहन सम्मान और कृतज्ञता” के साथ अपने पद से विदाई ली।
अब देश की निगाहें नए उपराष्ट्रपति के चयन पर टिकी हैं।

