Breaking
12 Oct 2026, Mon

Rishikesh : जर्जर सड़क को लेकर युवा कांग्रेस का पीडब्ल्यूडी में प्रदर्शन

Rishikesh : जर्जर सड़क को लेकर युवा कांग्रेस का पीडब्ल्यूडी में प्रदर्शन

(मनन ढींगरा)ऋषिकेश, 4 मार्च – ऋषिकेश में पुराने रेलवे स्टेशन से गोरा देवी चौक को जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति और गड्ढों की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस ऋषिकेश के जिला अध्यक्ष सनी प्रजापति और छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सड़क पर गड्ढे बढ़ने से राहगीरों और वाहन चालकों को गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भी इस खराब सड़क के कारण काफी असुविधा हो रही है।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भृगु नाथ द्विवेदी को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया और मांग की कि सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

पीडब्ल्यूडी ने किया स्पष्ट, रेलवे की संपत्ति में आती है सड़क

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भृगु नाथ द्विवेदी ने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती, बल्कि रेलवे की संपत्ति में शामिल है। हालांकि, शहर की मुख्य समस्या को देखते हुए उन्होंने इस सड़क पर अस्थायी रूप से सुधार कार्य करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सौरभ वर्मा, हिमांशु कश्यप, रोहित, कार्तिक, प्रिंस गुप्ता, निशांत, आशीष कुमार, रतन, अभिषेक, कैलाश समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *