कनखल चौक बाजार में भगवान भोलेनाथ की मूर्ति स्थापना की मांग, पुण्यदायी सेवा समिति ने एचआरडीए को सौंपा ज्ञापन
हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स
15 मई। पुण्यदायी सेवा समिति न्यास ने कनखल चौक बाजार स्थित पुराने कुंए के स्थान पर भगवान भोलेनाथ परिवार की मूर्ति स्थापित करने की मांग की है। समिति ने बुधवार को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 100 वर्ष पुराना यह कुंआ अब अनुपयोगी हो चुका है और प्रशासन द्वारा इसे तोड़ दिया गया था। समिति के संस्थापक रविंद्र गोयल, अध्यक्ष बीके महेता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि आने वाले दो वर्षों में हरिद्वार में कुंभ मेला आयोजित होने वाला है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शाही स्नानों के लिए कनखल क्षेत्र से गुजरते हैं। ऐसे में इस ऐतिहासिक स्थल पर भगवान भोलेनाथ परिवार की मूर्ति स्थापित करना न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि बाजार की सुंदरता भी बढ़ेगी।
डॉ. गर्ग ने कहा कि मूर्ति स्थापना से क्षेत्र को धार्मिक पहचान मिलेगी और देशभर से कांवड़ यात्रा या अस्थि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलेगा।
एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने समिति को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता, डॉ. चन्द्रधर काला, महामंत्री अवनीश गोयल, मंत्री आनन्द प्रकाश टुटेजा, रविदत्त शर्मा सहित कई अन्य सदस्य शामिल रहे।

