
चम्पावत:(जीशान मलिक) इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) और रिया मनी ट्रांसफर के बीच हुई साझेदारी से ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय मनी ट्रांसफर सेवा आसान हो गई है।सहायक अधीक्षक, लोहाघाट उपमंडल चंपावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साझेदारी के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती अंतरराष्ट्रीय इनवर्ड मनी ट्रांसफर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम पहल की गई है। इसके तहत विदेशों से भारत भेजी जाने वाली धनराशि को देशभर में फैले सुदृढ़ डाकघर नेटवर्क के माध्यम से बेहद आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा।

यह पहल विशेष रूप से उन ग्रामीण परिवारों के लिए अत्यधिक उपयोगी साबित होगी, जिन्हें बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं तक पहुंच बनाने में भौगोलिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। IPPB और रिया मनी ट्रांसफर की यह संयुक्त साझेदारी देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों तक आधुनिक वित्तीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।

