पिरान कलियर (ज़ीशान मलिक) हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर क्षेत्र के रहमतपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के जंगल में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। शव की पहचान मूलदासपुर माजरा निवासी युवक के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव आम के पेड़ पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि युवक का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह दोपहर लगभग दो बजे घर से बाहर निकला था। युवक के तीन छोटे बच्चे भी हैं। मामले की जांच में जुटी पुलिस अब आत्महत्या या अन्य किसी एंगल से जांच कर रही है।
घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

