Breaking
8 Jun 2026, Mon

कोरोना के बढ़ते मामलों पर एक्शन, सभी अस्पतालों को अलर्ट

कोरोना के बढ़ते मामलों पर एक्शन, सभी अस्पतालों को अलर्ट

स्वास्थ्य सचिव की बैठक में दिए गए अहम निर्देश, जांच व्यवस्था होगी और मजबूत

देहरादून: भगवा सनातन टाइम्स

जिले में एक बार फिर कोरोना को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक के आदेश के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने सभी निजी और सरकारी अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोरोना के लक्षणों से पीड़ित हर मरीज की अनिवार्य जांच की जाए।

कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सर्विलांस सिस्टम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। अब अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य होगी।

सोमवार को सचिवालय में स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में सभी कोविड जांच केंद्रों पर रैपिड और आरटीपीसीआर किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अस्पतालों को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।

बैठक में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, सहायक निदेशक डॉ. पंकज सिंह, देहरादून सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा और दून मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. आरएस बिष्ट भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि सतर्क रहें, लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *