Breaking
26 Nov 2026, Thu

बच्चों के सर्वांगीण विकास पर देश के 37 शिक्षा बोर्डों का महामंथन, पतंजलि में कोब्से का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच विद्यार्थियों का सामाजिक एवं भावनात्मक विकास स्कूली शिक्षा के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इसी चुनौती के समाधान और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, मूल्यपरक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार में देशभर के शिक्षा बोर्डों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ।’छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविदों के साथ नेपाल, भूटान, नॉर्थवेस्ट एक्रेडिटेशन कमीशन (एनडब्ल्यूएसी) अमेरिका सहित अन्य देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कोब्से की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभरकर सामने आया है। सम्मेलन में तीन दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन एवं अधिकारियों से अपील की कि वे बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि इन बोर्डों से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।उन्होंने कहा कि आने वाले पांच से दस वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। आज के विद्यार्थी पहले की तुलना में अधिक जागरूक और प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की निर्धारित 180 से 220 दिनों की पढ़ाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय शिक्षा संबंधी पहल, ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ का भी उल्लेख किया।

योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि उनका जोर ऐसी संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा पर है, जिसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री और रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि उनमें चरित्र निर्माण, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना हो। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की परिकल्पना इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक पहल है।भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में जो संस्कार, मूल्य और व्यवहार विकसित होते हैं, वही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व की दिशा और जीवन की प्रेरक शक्ति बनते हैं। शिक्षा के माध्यम से बच्चों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सामाजिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाना होगा।

पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि संयुक्त परिवार में बच्चों को अपने आप एक ऐसा वातावरण मिल जाता था, जहां वे बड़ों के व्यवहार, आपसी संबंधों और पारिवारिक संस्कारों से बहुत कुछ सीखते थे। उन्होंने चिंता जताई कि बदलती जीवनशैली के कारण समाज तेजी से न्यूक्लियर फैमिली की ओर बढ़ा है। आज माता-पिता के पास भी बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताने का अवसर नहीं रह गया है। ऐसे में बच्चे मित्र मंडली और सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कई बार भ्रमित हो रहे हैं।कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, कोब्से के सचिव एमसी शर्मा ने संगठन की स्थापना, कार्यप्रणाली और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. वंदना पाण्डेय, राष्ट्रीय को-आर्डिनेटर स्वामी पुण्य देव, एडवाइजर सतेन्द्र पंवार आदि मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *