
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) प्रशासन के अनुसार आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।अधिकारियों के अनुसार आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम द्वारा देवपुरा चौराहा, भगवानपुर एवं सिडकुल क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर निरीक्षण किया गया। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान दूध वाहनों और खाद्य पदार्थों की जांच की गई।अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कुछ स्थानों पर मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं / संस्थानों को नोटिस जारी किए गए। प्रशासन के अनुसार कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु संग्रहित किए गए हैं।
बताया गया कि टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पाल, पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। साथ ही नरसन क्षेत्र में पुलिस विभाग के साथ संयुक्त जांच में दूध, पनीर, मावा, बर्फी के नमूने भी लिए गए।


