
हरिद्वार:(जीशान मलिक) उपनगरी ज्वालापुर में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर पांच का जर्जर भवन बारिश के चलते भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात में तेज बारिश हो रही थी, तभी अचानक विद्यालय की छत गिरने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर मलबा बिखरा पड़ा था और अफरा-तफरी मच गई।


स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय का भवन लंबे समय से खंडहर में तब्दील हो चुका है। दीवारों में दरारें आ चुकी हैं और छत पूरी तरह जर्जर थी। अब दीवार गिरने का भी खतरा बना हुआ है।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर इस जर्जर भवन में पढ़ाई पहले ही बंद कर बच्चों को दूसरे विद्यालय में शिफ्ट किया जा चुका है, जिससे बच्चों की जान बच गई।स्थानीय लोगों के मुताबिक विद्यालय की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के कारण भवन की मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम लटका हुआ है। लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवन को जल्द ध्वस्त कर नया निर्माण कराने की मांग की है।


