
हरिद्वार:(जीशान मलिक) सेवा संकल्प अभियान के तहत बहादराबाद विकासखंड सभागार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।शिविर में कुल 630 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 74 लोगों ने विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन किया, जबकि 328 पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से मौके पर ही लाभान्वित किया गया। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, राशन और अतिक्रमण से जुड़ी कुल 39 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।


दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। वहीं दर्जाधारी मंत्री जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनसमस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है।खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य योजनाओं की जानकारी देना और पात्रों के आवेदन मौके पर लेना है। अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व विभाग से कार्रवाई कराई जाएगी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, उप प्रमुख उधम सिंह, सुशांत चौहान, तेलूराम सहित जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता रावत, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

