Breaking
21 Sep 2026, Mon

राशन कार्ड से लेकर जमीन पैमाइश तक – जन सुनवाई में गूंजे हर वर्ग के मुद्दे

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जन सुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जल भराव, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 32 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।जन सुनवाई में बंजारेवाला ग्रंट निवासी सुरजीत सिंह ने बीमार पत्नी के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद की गुहार लगाई। जैनपुर मुबारिकपुर के आलम मीर ने लंबे समय से लंबित राशन कार्ड बनवाने, सीतापुर के बृजानंद शर्मा ने वोटर आईडी अपडेट कराने और सजनपुर पीली के सूरज कुमार ने अपनी कृषि भूमि की पैमाइश कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।

देवनगर वार्ड 12 के निवासियों ने 250 मीटर लंबे क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक कराने, सुरेंद्र सैनी ने डेंगू-स्वाइन फ्लू की रोकथाम और एक महिला ने रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन बहाल करने की मांग की।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण वाले मामलों में अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान करें।

वहीं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में एल-1 पर 290 और एल-2 पर 84 शिकायतें 36 दिन से अधिक समय से लंबित पाए जाने पर अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जितेंद्र कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *