
हरिद्वार:(जीशान मलिक) राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक खेलकूद एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा देखने को मिली। विभिन्न विभागीय एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मास्टर एहसान रहे।


कार्यक्रम में लुकमान ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विशेष पहचान बनाई।राजनीति विज्ञान विभाग में प्रथम स्थान हासिल करने के साथ ही उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लुकमान ने कप्तान की भूमिका निभाते हुए अपनी टीम को विजेता बनाया। इसके बाद कबड्डी प्रतियोगिता में भी उन्होंने टीम की कमान संभाली और अपनी टीम को विजय दिलाई। पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में लगातार बेहतर प्रदर्शन करने पर लुकमान को समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

वहीं बैडमिंटन प्रतियोगिता में लुकमान एवं मोहम्मद शाहवेज की जोड़ी विजेता रही। चक्का फेंक प्रतियोगिता में सुहेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में सानिया एवं अर्शी सहित अन्य छात्राओं ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए।
मुख्य अतिथि मास्टर एहसान ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।इस आयोजित समारोह के समापन पर महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी विजेता एवं सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह में लुकमान, सुहेल, सानिया, अर्शी, अब्दुल्ला, मोहम्मद उमर, मोहम्मद शाहवेज, इसरार, तन्नू, साइमा, नरगिस एवं नाविदा सहित अनेक छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

