Breaking
28 Oct 2026, Wed

सीसीटीवी कैमरे बने पुलिस का हथियार, भीड़ में गायब मासूम को कलियर पुलिस ने खोज निकाला

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र में परिवार के साथ आया पांच वर्षीय मासूम अचानक भीड़ में परिजनों से बिछड़ गया। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही कलियर पुलिस ने बिना समय गंवाए तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने दरगाह और आसपास के क्षेत्र में बच्चे की फोटो प्रसारित करने के साथ स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों की मदद ली और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और पांच वर्षीय लकी को हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया।ग्राम बिंदु खड़क, थाना झबरेड़ा निवासी अमित पुत्र वेदपाल परिवार के साथ पिरान कलियर दरगाह में आए थे। दरगाह से बाहर निकलने के दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र लकी भीड़ में कहीं बिछड़ गया। परिजनों ने काफी देर तक आसपास बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बच्चे के लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल बन गया।

इसके बाद अमित ने थाना कलियर पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बच्चे की तलाश के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र से लेकर नगर पंचायत क्षेत्र तक बच्चे की तलाश शुरू कर दी।पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों को बच्चे की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई। साथ ही स्थानीय व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से भी बच्चे की तस्वीर प्रसारित की गई। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने तलाश आगे बढ़ाई और आखिरकार लकी को हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

बच्चे के मिलने की खबर मिलते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद मासूम को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।पुलिस की तत्परता और तकनीकी माध्यमों के प्रभावी इस्तेमाल से मासूम को समय रहते सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भी पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

तलाश अभियान में शामिल पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, मुख्य आरक्षी सोनू चौधरी, मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, आरक्षी जितेंद्र कुमार, चालक नीरज राणा एवं महिला होमगार्ड गीता।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *