
देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक की धनराशि भेजी गई।


मुख्यमंत्री ने धामी कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिले।अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत की गई है। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।बैठक में बताया गया कि कुल लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं से आच्छादित हैं। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजानदास सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

