
हरिद्वार:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले के 666 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और चयनित अभ्यर्थियों की संख्या में करीब तीन गुना वृद्धि हुई है।योजना के अंतर्गत जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर जूनियर स्तर कक्षा छह और माध्यमिक स्तर कक्षा नौ की छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम दो सितंबर को विद्यालयी शिक्षा उत्तराखंड की सचिव ज्योति यादव, आईएएस ने घोषित किया।


मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जूनियर स्तर कक्षा छह में वर्ष 2026-27 के दौरान 4,795 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जिनमें से 363 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं वर्ष 2025-26 में इस स्तर पर 1,288 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे और 88 विद्यार्थियों का चयन हुआ था।इसी प्रकार माध्यमिक स्तर कक्षा नौ में इस वर्ष 3,845 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 303 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। पिछले वर्ष इस स्तर पर 1,686 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 122 विद्यार्थियों का चयन हुआ था।

दोनों स्तरों को मिलाकर इस वर्ष हरिद्वार जिले से कुल 666 विद्यार्थी मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए चयनित हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार पिछले वर्ष की तुलना में यह संख्या करीब तीन गुना अधिक है। विद्यार्थियों की बढ़ी भागीदारी और चयन में हुई वृद्धि को जिले में शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति बढ़ते रुझान और बेहतर प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि सभी चयनित विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम और चयन सूची एससीईआरटी उत्तराखंड छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है। विद्यार्थी अपने रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर पोर्टल पर अपना परीक्षा परिणाम एवं चयन की स्थिति देख सकते हैं।

