Breaking
12 Sep 2026, Sat

हरिद्वार में शुरू हुआ अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र, अब अपडेट के लिए देहरादून जाने की जरूरत नहीं

हरिद्वार:(जीशान मलिक) हरिद्वार जिले के लोगों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए अब देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र (ASK) शुरू किया गया है। गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराया।शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों से अपील की कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) समय पर अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए यह अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। UIDAI की ओर से 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की शुरुआत डिजिटल उत्तराखंड और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं अपने ही जिले में सरल, सुविधाजनक और समयबद्ध तरीके से मिल सकेंगी।नए आधार सेवा केंद्र में आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, आधार में त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे हरिद्वार के अलावा रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा तथा समय और धन की बचत होगी।

UIDAI के निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि आधार सेवा केंद्र सीधे UIDAI द्वारा संचालित किए जाते हैं। केंद्र को नागरिकों के अनुकूल और समावेशी बनाया गया है। यहां व्हीलचेयर की सुविधा, सुगम्य शौचालय और समर्पित शिकायत निवारण तंत्र उपलब्ध है। केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित किया गया है, जिससे नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।उन्होंने बताया कि सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर केंद्र सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा। केंद्र का प्रबंधन UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रबंधक द्वारा किया जाएगा, जो नागरिकों की शिकायतें प्राप्त कर उनके समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।नागरिक आधार सेवाओं के लिए UIDAI के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पोर्टल पर जाकर भी समय बुक कर सकते हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, UIDAI के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, UIDAI एस्टेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेंद्र सिंह, सत्यपाल चौहान सहित UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी और सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *