Breaking
30 Aug 2026, Sun

मतदाता सूची पर डीएम की पैनी नजर, SIR कार्य का लिया जायजा

रुड़की:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को तहसील कार्यालय रुड़की पहुंचकर वहां चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण बेहद महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से किसी भी दशा में पृथक न होने पाए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं से प्राप्त सूचनाओं और दस्तावेजों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गंभीरता से जांच की जाए। प्रत्येक प्रकरण का सत्यापन पूरी सावधानी के साथ किया जाए, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनी रहे।डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। इसलिए SIR के दौरान पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने के साथ-साथ अपात्र अथवा गलत प्रविष्टियों की जांच भी नियमानुसार की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी निर्णय में जल्दबाजी न की जाए और प्रत्येक मामले में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने SIR कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में शुद्धता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान आम नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं एवं आपत्तियों का नियमानुसार समाधान किया जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *