




पिरान कलियर:(जीशान मलिक)पिरान कलियर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रहमतपुर निवासी 28 वर्षीय युवक प्रभात की सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार रहमतपुर गांव निवासी प्रभात पुत्र कालू शनिवार सुबह करीब दस बजे रामदेव की ओर से अपने घर की तरफ लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह पिरान कलियर रोड पर रहमतपुर स्थित नौगजे पीर के पास पहुंचे, इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रभात गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।



दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रभात का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और हादसे के पीछे मुख्य कारण क्या रहा।पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
“जवान बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!!
28 वर्षीय प्रभात की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस युवक के घर लौटने का इंतजार परिवार कर रहा था, उसकी मौत की खबर पहुंचते ही घर में मातम छा गया। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

