Breaking
12 Oct 2026, Mon

उर्स की तैयारियों के बीच जेएम का औचक निरीक्षण, नजीर होटल में गंदा तेल देख भड़के

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) साबिर पाक के सालाना 758 वें उर्स/मेले को लेकर प्रशासन ने व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान ने दरगाह कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक से पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम गीत गाया गया।इसके बाद अधिकारियों ने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।

दरगाह कार्यालय में आयोजित बैठक में उर्स मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने देशभर से पहुंच रहे जायरीनों की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद अधिकारियों ने दरगाह परिसर और मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान नजीर होटल की कढ़ाई में काला और गंदा तेल मिलने पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने नाराजगी जताई।उन्होंने मौके पर ही होटल के खिलाफ चालान की कार्रवाई कराई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा स्वच्छता को लेकर सख्त हिदायत दी।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं मेला अधिकारी दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि उर्स मेले की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कुछ होटल संचालकों द्वारा बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थ तैयार करने और निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने के मामले सामने आए हैं, जिनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्स के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि उर्स में आने वाले जायरीनों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान सुपरवाइजर इंतेखाब आलम, राव सिकंदर हुसैन, लेखाकार सद्दाम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *