रुड़की:(जीशान मलिक) 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में फोनिक्स विश्वविद्यालय, इमलीखेड़ा में चल रहे प्री थल सेना शिविर का मंगलवार को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रुड़की के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में प्रशिक्षण ले रहे कैडेट्स से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।कैडेट्स को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी ने कहा कि एनसीसी केवल वर्दी पहनने और प्रशिक्षण लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में उतारने का माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 17 निदेशालयों के बीच होने वाली कड़ी प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पिछले प्रदर्शन को आधार बनाकर इस बार और बेहतर रैंक हासिल करने का लक्ष्य रखा जाए। कैडेट्स अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करें और प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ टीम भावना का परिचय दें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में पदक महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी अनुशासन, समर्पण और अंतिम क्षण तक जीत के लिए संघर्ष करने का जज्बा है।ब्रिगेडियर भंडारी ने कैडेट्स का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें केवल प्रतियोगिता में भाग लेने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने निदेशालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उनके प्रेरणादायी संबोधन से कैडेट्स में खासा उत्साह नजर आया।इस दौरान उन्होंने फोनिक्स संस्था के चेयरमैन इंजीनियर चेरब जैन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी शिविरों के सफल आयोजन के लिए संस्थान द्वारा परिसर उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। ऐसे सहयोग से कैडेट्स को बेहतर वातावरण में प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलता है और एनसीसी की गतिविधियों को भी मजबूती मिलती है।
कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश आलमिया ने कहा कि वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों का मार्गदर्शन कैडेट्स के आत्मविश्वास को नई दिशा देता है। उन्होंने कैडेट्स से ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी के मार्गदर्शन को प्रेरणा बनाकर आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैंप एडजूटेंट सुशील कुमार आर्य, कैप्टन पंकज जैन, लेफ्टिनेंट आनंद कुमार, सेकंड ऑफिसर आशा सिंह, केयरटेकर उपासना, संस्था के डायरेक्टर जनरल संजय जैन, कुलपति डॉ. मनीष पांडेय, सहयोगी एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट विक्रांत कुमार, सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट अमर सिंह, प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर, डीईओ संदीप बुड़ाकोटी, नायब सूबेदार सुनील सिंह बिष्ट, मीनाक्षी, बीएचएम केशवानंद, हवलदार पूर्ण सिंह, निर्मल सिंह, अजयबीर सहित सैन्य एवं एनसीसी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

