Breaking
27 Aug 2026, Thu

चिन्मय डिग्री कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) चिन्मय डिग्री कॉलेज, बीएचईएल रानीपुर में 15 अगस्त 2026 को देशभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिन्मय शैक्षिक समिति के सचिव आलोक शुक्ला, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आलोक अग्रवाल, निदेशक एस.एफ.एस. डॉ. मधु शर्मा सहित शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन निदेशक एस.एफ.एस. डॉ. मधु शर्मा ने किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा निदेशक का संदेश डॉ. पी.के. शर्मा ने पढ़कर सुनाया। संदेश में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया गया।समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बीएससी पंचम सेमेस्टर के छात्र नीरज ने प्रभावशाली भाषण एवं देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल किया। उनकी प्रस्तुति की सभी ने करतल ध्वनि से सराहना की। अन्य विद्यार्थियों ने भी भारतीय संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

प्राचार्य डॉ. आलोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, चरित्र, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।वहीं, चिन्मय शैक्षिक समिति के सचिव आलोक शुक्ला ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।समारोह के अंत में राष्ट्र की एकता, अखंडता, समृद्धि और विकास के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।

समारोह का समापन ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘जय भारत’ के उद्घोष के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थितजनों से मिष्ठान ग्रहण करने का अनुरोध किया गया। समूचा कार्यक्रम राष्ट्रप्रेम, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *