Breaking
10 Aug 2026, Mon

नाबालिग से दुष्कर्म और जान से मारने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार, रानीपुर पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और कथित रूप से जान से मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने, नशीला पदार्थ देने और उसके साथ अपराध करने के बाद घायल अवस्था में बीएचईएल के जंगल में छोड़कर फरार होने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय, बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना पर रानीपुर पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बालिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया।पुलिस ने बालिका के परिजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें घटना की सूचना दी। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रानीपुर कोतवाली में मु0अ0सं0 275/26 के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, बालिका ने बताया कि 3 अगस्त को आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़ दिया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बालिका के बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश की।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2026 को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल गंभीर तोमर और कांस्टेबल प्रेम सिंह।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *